Home
FLASH गोंडा में रंजिशन पूर्व प्रधान समेत दो की गोली मारकर हत्या, इलाके...
राजेश शुक्ला, प्रबंध संपादक
पीएम न्यूज़, गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में देवेंद्र प्रताप उर्फ लाठी सिंह भी शामिल हैं। लाठी सिंह को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी मौके पर पहुंचे हैं।

जानकारी के अनुसार, मनरेगा मजदूरों के खाते से पैसा निकालने में अनियमितता के मामले में शिकायक के बाद एक जांच टीम सत्यापन के लिए परास पट्टी मझवार गांव के संगमपुरवा गई थी। देवेंद्र प्रताप उर्फ लाठी सिंह अपने साथियों के समेत जांच टीम को संगमपुरवा का रास्ता बताने के लिए उनके साथ ही गए थे। वहां पहुंचने पर लाठी सिंह का जिला पंचायत सदस्य अतुल परास के साथ विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों से गोलीबारी भी हुई।
विजय सिंह लखनऊ रेफर
फायरिंग में गोली लगने लाठी सिंह, उनके भाई विजय सिंह टिंटू समेत तकरीबन आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां लाठी सिंह और एक अन्य शख्स अतुल पाठक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं लाठी सिंह के भाई विजय सिंह को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद भारी फोर्स के साथ पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो मुख्य आरोपियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं तत्काल प्रभाव से उमरी बेगमगंज के प्रभारी निरीक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।

सीएम योगी ने दिए दोषियों पर एनएसए लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और इसके साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करवाने के निर्देश भी दिए हैं।
इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सीएम ने एनएसए लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान हुई इस घटना पर गोंडा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को चेतावनी भी दी है। सीएम योगी ने घटना में उपयोग किए गए असलहे को भी तत्काल बरामद करने के निर्देश दिए हैं।